तावडू। बुधवार को नगर तावडू में प्रथम सिख गुरु, गुरु नानक देव जी का जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। मेन बाजार स्थित गुरुद्वारे में सुबह से ही भजन-कीर्तन, सत्संग और अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी समाजों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5 बजे प्रभात फेरी से हुई, जिसकी अगुवाई गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान मदन लाल ने की। प्रभात फेरी नगर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी और वातावरण जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद गुरुद्वारे में शब्द कीर्तन और कथा प्रवचन का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे निशान साहिब चढ़ाया गया और उसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारा (लंगर) लगाया गया। गुरुद्वारे के ग्रंथि गुरमीत सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर दो दिन पहले से ही गुरुद्वारे में उत्सव शुरू कर दिया गया था। इस मौके पर रामदास, ऋषि गुलाटी, मनोहर लाल धींगरा, कैलाश नागपाल, गोविंद मल्होत्रा, किशन लाल मनोचा, दर्शन वर्मा, गोबिंद मनोचा, देशराज, देवेंद्र नागपाल, गुलशन गाबा, नरेश अरोड़ा, तुलसा मक्कड़, अंकित मक्कड़, दीपू ढल और गौतम गंभीर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। संवाद