संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ी गुजरान स्थित एकेपी क्रिकेट मैदान पर रविवार को कॉरपोरेट टूर्नामेंट में एफसी डॉमिनेटर और यूके क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। 20 ओवर के इस मुकाबले में एफसी डॉमिनेटर ने यूके क्लब को चार विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूके क्लब ने 125 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में बल्लेबाजी को आई डॉमिनेटर की टीम ने महज 17.4 ओवरों में 128 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
यूके क्लब की ओर से हिमांशु ने 24 रन बनाए जबकि योगेश और अंकित ने 22-22 रनों का योगदान दिया। डॉमिनेटर की ओर से सचिन लोहान ने दो विकेट लिए। इसके जवाब में डॉमिनेटर की ओर से बल्लेबाजी को आए हिमांशु कटारिया ने 31 और शिवम ने 29 रन बनाकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। यूके क्लब के लिए गेंदबाजी करते हुए रवि ने तीन विकेट झटके। 31 रनों की पारी खेलने वाले हिमांशु कटारिया को मैन ऑफ द मैच चुना गया।