बसों में सीटें टूटी रहती हैं, सफाई पर भी नहीं दिया जाता है ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ से गुरुग्राम के बीच चलने वाली रोडवेज बसें यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही हैं। इस रूट पर रोजाना हजारों लोग सफर करते हैं । बसों की हालत ठीक नहीं होने के कारण लोगों का सफर आरामदायक होने के बजाय मुश्किल हो गया है। कई यात्रियों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
यात्रियों का कहना है कि कई बसों की सीटें टूटी हुई हैं और कुछ सीटों से स्प्रिंग बाहर निकल आए हैं। वहीं कई खिड़कियों के कांच भी टूटे हुए हैं। ऐसे में बैठना असुविधाजनक हो जाता है और कई बार चोट लगने का डर भी बना रहता है। लंबी दूरी के सफर में यह स्थिति यात्रियों की परेशानी बढ़ा देती है। बसों के अंदर साफ-सफाई की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। फर्श पर धूल, सीटों पर गंदगी और बदबू के कारण यात्रियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। यात्रियों का कहना है कि बसों की नियमित सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे हालात दिन-ब-दिन खराब होते जा रहे हैं। इससे परेशान होकर कई यात्रियों ने निजी वाहनों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि, इस रूट पर चलने वाली सभी बसों की जांच की जाए। जो बसें जर्जर हालत में हैं उन्हें हटाकर नई और बेहतर सुविधाओं वाली बसें चलाई जाएं। साथ ही नियमित सफाई पर भी ध्यान दिया जाए ताकि यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर मिल सके।
निजी वाहनों में ज्यादा किराया लिया जाता है, जिससे मजबूरी में हमें रोज जर्जर रोडवेज बसों से सफर करना पड़ता है। - अनिल त्यागी, यात्री
रोडवेज बसों में सफाई पर ध्यान ही नहीं दिया जाता है। इससे परेशानी होती है। - विनोद, यात्री
सीटों की हालत देखकर ही समझ आ जाता है कि आराम की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। -दीपक कुमार, यात्री
किराया तो पूरा लिया जाता है, लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं मिलता। - मनोज, यात्री