अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच 65 टीम ने गढ़खेड़ा निवासी दिल्ली पुलिस में तैनात होमगार्ड धर्मपाल की हत्या मामले में सुनील और उसके नाबालिग बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयोग तलवार बरामद की गई है। पुलिस द्वारा नाबालिग को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर बाल सुधार भेज दिया गया है। आरोपी, सुनील को जेल भेज दिया गया है।
विवाद होने का प्रमुख कारण आरोपी सुनील का बेटा मकान के बाहर पानी से छिड़काव कर रहा था, इस दौरान उसने धर्मपाल के रखे सीमेंट व रोड़ी पर पानी डाल दिया था। उसने पानी डालने से इंकार किया तो नाराज होकर पिता-पुत्र ने तलवार से हमला कर दिया था। जिसमें पीड़ित की गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया था। क्राइम ब्रांच 65 प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि आरोपी सुनील अग्रवाल स्कूल मुजेड़ी में नौकरी करता है और मृतक का पड़ोसी है। 19 अगस्त गढ़खेड़ा निवासी होमगार्ड धर्मपाल की सुनील व उसके पुत्र ने मिलकर हत्या कर दी थी। एसीपी क्राइम अमन यादव, एसीपी तिगांव राजेश लोहान, थाना प्रभारी व क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। मृतक के भतीजे की शिकायत पर छांयसा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करके एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आया कि मृतक धर्मपाल की आरोपी सुनील के साथ किसी ने किसी बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी। आरोपी सुनील काफी समय से धर्मपाल पर रौब जमाता रहता था।