संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मलेरना गांव में होली के दिन छत पर हुड़दंग करने से रोकने पर पड़ोसियों ने एक महिला और उसके बुजुर्ग ससुर के साथ मारपीट की और उन्हें छत से नीचे धक्का दे दिया।
पीड़िता रेखा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी ननद और बहनोई के साथ छत पर होली खेल रही थी तभी पड़ोस में रहने वाले रोहित और मोहित अपने दो साथियों के साथ वहां आ गए। आरोपियों ने रंगों की जगह कीचड़ से होली खेलनी शुरू कर दी, जिसका विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की। शोर सुनकर जब रेखा के ससुर ओमप्रकाश बीच-बचाव करने आए तो आरोपियों ने दोनों को छत से नीचे निर्माणाधीन प्लॉट में धक्का दे दिया। इस हादसे में बुजुर्ग ससुर की पसली और पैर की हड्डी टूट गई है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सदर बल्लभगढ़ थाना पुलिस ने रेखा की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईअर दर्ज कर ली है।