- गांव शाहपुर खुर्द की वारदात शराब के लिए रुपये मांग रहा था पिता
- फरार होने से पहले ही आरोपी को पुलिस ने दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शाहपुर खुर्द गांव में शराब के लिए रुपये मांग रहे पिता के सिर पर पर बेटे ने ईंट और पतीले से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ देर बाद ही आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से बिहार के गया निवासी कमलेश (44) अपने बेटे हरेंद्र (21) के साथ शाहपुर खुर्द में किराए के मकान में रहते थे। मंगलवार रात कमलेश ने शराब पी ली और हरेंद्र से और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। मना करते हुए हरेंद्र ने कहा कि गांव में परिवार के लिए कुछ पैसे भेजने हैं। इसके बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्साए बेटे ने पिता के सिर पर पहले ईंट से वार किया बाद में पतीले से कई बार वार कर दिए। पिता को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गया। मकान मालिक व अन्य पड़ोसियों ने कमलेश को गंभीर हालत में बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 20 दिसंबर को कमलेश की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके नागरिक अस्पताल में रखवा दिया। आरोपी हरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गांव से परिजनों के आने के बाद शव सौंपा जाएगा।