- तीन दिन पहले सेक्टर-14 में स्केटिंग करते समय हुआ था लापता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दो दिन पहले सेक्टर-14 में स्केटिंग करते समय लापता हुए आठ साल के मासूम का शव बृहस्पतिवार को सेक्टर-17 बाईपास रोड किनारे एक पाइप में पड़ा मिला। शव को एक बोरे में बंद कर फेंका गया था। हत्या का आरोप बच्चे के दूर के रिश्ते के ताऊ पर है। आशंका है आरोपी ने बच्चे के साथ कुकर्म की घटना को भी अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से मध्यप्रदेश के जिला छत्तरपुर निवासी बच्चे के पिता ने सेक्टर 14 पुलिस चौकी में दी शिकायत में बताया था कि वह फरीदाबाद के सेक्टर-14 स्थित एक मकान में चौकीदारी हैं। परिवार सेक्टर-14 में ही झुग्गी में रहता है। उनके चार बच्चे हैं। जिसमें से सबसे छोटा बेटा (आठ साल ) 18 दिसंबर को घर के पास ही स्केटिंग कर रहा था। करीब 12 बजे वह लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश किया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज में व्यक्ति को साइकिल पर बच्चे के साथ देखा। परिजनों ने फुटेज दिखाने पर आरोपी की पहचान अपने ही गांव के लालाराम के रूप में की। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह लालाराम को हिरासत में ले लिया गया। परिजनों के मुताबिक लालाराम भी उनकी झुग्गी के पास ही सेक्टर-17 में रहता है। आरोपी ने पूछताछ में बच्चे के शव के बारे में बता दिया। पुलिस ने सेक्टर 17 बाइपास रोड पर पडे़ बडे़ पाइप के अंदर से बच्चे का शव बरामद कर लिया। सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने हत्या से पहले बच्चे के साथ कुकर्म की घटना को भी अंजाम दिया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
बार-बार बयान बदल रहा आरोपी
मामले की जांच करने के दौरान आरोपी लालाराम बच्चे की मौत के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं दे रहा। आरोपी बार- बार अपने बयान को बदल रहा है। हत्या करने के तरीके को में वह कभी बच्चे का गला दबाने की बात कहता है कभी साइकिल से गिरने के कारण मौत होने की बात बता रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी आपराधिक किस्म का है। बच्चे के गायब होने के बाद से आरोपी खुद पुलिस व परिजनों के साथ मिलकर उसे ढूंढने का नाटक करता रहा। पुलिस आरोपी का पुराना रिकॉर्ड खंगाल रही है। थाना सेंट्रल प्रभारी रणवीर सिंह का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।