फरीदाबाद। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) को फरीदाबाद से जोड़ने के लिए बनाए जा रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को लेकर सोतई गांव में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। किसान अपनी जमीन के उचित मुआवजे की मांग को लेकर करीब एक माह से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
रविवार को भी किसान सुबह 10 बजे से धरना स्थल पर बैठे रहे। किसानों का कहना है कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए सोतई गांव की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से उनकी जाट पट्टी शामलात भूमि पर उचित मुआवजा दिए बिना कब्जा लेने की कोशिश की जा रही है। किसान जमीन का मुआवजा वर्तमान बाजार भाव के अनुसार दिए जाने की मांग कर रहे हैं। धरने पर बैठे किसानों ने कहा कि उनकी मांग पर अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। जब तक जमीन का उचित मुआवजा तय नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। किसानों ने प्रशासन से मामले में जल्द हस्तक्षेप कर समाधान कराने की मांग की है। संवाद