जमीन का बाजार मूल्य लगभग 8 से 10 करोड़ रुपये प्रति एकड़ है
सर्किल रेट मात्र 1.30 करोड़ रुपये प्रति एकड़ निर्धारित किया गया है
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। फरीदाबाद जिले के मोहना, मोहियापुर व पनहेड़ा क्षेत्र के किसानों एवं भूमि मालिकों में सरकार द्वारा प्रस्तावित सर्किल रेट में बेहद कम वृद्धि को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। किसानों का आरोप है कि प्रशासन ने क्षेत्र की वास्तविक बाजार दरों को नजरअंदाज करते हुए नाममात्र की बढ़ोतरी की है, जो पूरी तरह अनुचित और भेदभावपूर्ण है।
किसानों ने बताया कि पिछले एक वर्ष में वे 4 से 5 बार प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने रजिस्ट्री की प्रतियां भी दीं, जिनमें क्षेत्र की जमीन की वास्तविक बाजार कीमत स्पष्ट रूप से दर्शाई गई है। इसके बावजूद सर्किल रेट में संतोषजनक वृद्धि नहीं की गई।
किसानों के अनुसार वर्तमान में क्षेत्र में जमीन का बाजार मूल्य लगभग 8 से 10 करोड़ रुपये प्रति एकड़ है, जबकि सर्किल रेट मात्र 1.30 करोड़ रुपये प्रति एकड़ निर्धारित किया गया है। किसानों का कहना है कि यह भारी अंतर न केवल सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि अंडर-वैल्यूएशन और भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा दे रहा है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्किल रेट का तुरंत पुनर्मूल्यांकन किया जाए और प्रक्रिया को पारदर्शी व निष्पक्ष बनाया जाए। साथ ही उन्होंने सर्किल रेट को कम से कम 2.5 करोड़ रुपये प्रति एकड़ निर्धारित करने की मांग रखी है। इसी को लेकर आज किसानों ने तहसीलदार सुशील कुमार राठी को ज्ञापन सोपा।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान हरिओम पंडित, सुखीराम, प्रीतम, रंजीत, नरेंद्र मास्टर, हुकुम बघेल, ईश्वर नंबरदार, गिर्राज मास्टर, डीके शर्मा, सतीश प्रधान, ललू पंडित, ललित पंडित, सुरेंद्र कुमार, कुलदीप बघेल व सेवक सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।