13 आधुनिक उपकरणों से उद्योगों को मिलेगी वैश्विक गुणवत्ता जांच की सुविधा
मोहित शुक्ला
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के हजारों उद्योगों को अब अपने उत्पादों की गुणवत्ता जांच के लिए दूसरे राज्यों की प्रयोगशालाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद स्थित क्वालिटी मार्केटिंग सेंटर (क्यूएमसी) फॉर इलेक्ट्रिकल गुड्स के आधुनिकीकरण की परियोजना शुरू की है। इसके तहत लैब में 13 अत्याधुनिक परीक्षण उपकरण लगाए जाएंगे, जिससे बिजली के सामान, केबल, प्लास्टिक, रबर और ऑटो पार्ट्स सहित विभिन्न औद्योगिक उत्पादों की जांच अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्थानीय स्तर पर ही हो सकेगी।
फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में करीब 25 हजार एमएसएमई और बड़े उद्योग संचालित हैं। अभी तक इन इकाइयों को विशेष गुणवत्ता परीक्षण के लिए दिल्ली, मुंबई या अन्य राज्यों की एनएबीएल मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं का सहारा लेना पड़ता है। इससे परीक्षण में कई दिन लगते थे और उद्योगों पर अतिरिक्त परिवहन व परीक्षण खर्च का बोझ पड़ता था। नई परियोजना लागू होने के बाद समय और लागत दोनों में कमी आएगी जिससे उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और निर्यात संभावनाएं बढ़ेंगी।
केबल, प्लास्टिक और ऑटो उद्योग को मिलेगा सबसे अधिक लाभ
परियोजना के तहत 100 केवी एसी ब्रेकडाउन टेस्टर, इंसुलेशन रेजिस्टेंस टेस्टर, साल्ट स्प्रे चैंबर, ग्लो वायर टेस्ट एपेरेटस, ऑक्सीजन इंडेक्स टेस्ट सेट और डिजिटल ऑप्टिकल मेजरिंग सिस्टम जैसे आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। इनकी मदद से विद्युत सुरक्षा, अग्निरोधक क्षमता, जंगरोधी गुणवत्ता और विभिन्न औद्योगिक उत्पादों की सटीक जांच संभव होगी। इसका सीधा लाभ केबल, इलेक्ट्रिकल उपकरण, प्लास्टिक, रबर, ऑटो पार्ट्स और केमिकल कोटिंग से जुड़े उद्योगों को मिलेगा।
स्थानीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धा होगी मजबूत
औद्योगिक विशेषज्ञों का मानना है कि क्यूएमसी लैब के उन्नयन से फरीदाबाद के उद्योगों को गुणवत्ता प्रमाणन की प्रक्रिया तेज और सुलभ होगी। इससे छोटे और मध्यम उद्योग भी अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को आसानी से पूरा कर सकेंगे। स्थानीय स्तर पर परीक्षण सुविधा उपलब्ध होने से उत्पादन चक्र तेज होगा, निर्यात के अवसर बढ़ेंगे और फरीदाबाद की औद्योगिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
इससे जमीनी स्तर पर काफी लाभ मिलेगा। उद्योगपतियों को बार बार दूसरे राज्यों में निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। - वीरभान शर्मा, उद्योगपति
सरकार की तरफ से यह अच्छा कदम उठाया जा रहा है। इससे फरीदाबाद में उद्योगों को नई रफ्तार मिलेगी। - श्याम सुंदर, उद्योगपति