जिले को 50 नई सीएनजी बसें मिलेंगी, 100 नई ई-बसों का भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा
फरीदाबाद-पलवल का यमुना से लगता क्षेत्र कंट्रोल एरिया घोषित, बनेगा नया मास्टर प्लान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। 878.23 करोड़ रुपये से औद्योगिक शहर की सूरत बदलने की तैयारी है। जिले में बुधवार को फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की चौथी बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिले में पानी, सीवर, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए स्वीकृति दी। इस राशि से शहर की परिवहन व्यवस्था भी सुधरेगी। इसके तहत शहर को 50 नई सीएनजी बसें मिलेंगी। वहीं, 100 नई ई-बसों को देने का भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा नए और पुराने फरीदाबाद को जोड़ने को भी लेकर बैठक में चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए और पुराने फरीदाबाद को जोड़ने का काम एफएमडीए व पीडब्ल्यूडी मिलकर करेंगे।
वहीं बैठक में शहर में 2031 तक अनुमानित जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान भी प्रस्तुत किया गया। इसे अंतिम रूप देने से पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा सर्वे कराया जाएगा, जिसमें मानव रचना की टीम भी भूमिका निभाएगी। वहीं, फरीदाबाद व पलवल जिले के विकास को लेकर यमुना क्षेत्र कंट्रोल एरिया (किसी भी तरह के निर्माण कार्य के लिए डीटीपी विभाग से अनुमति लेनी पड़ेगी) घोषित कर नया मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इस क्षेत्र में फरीदाबाद से जेवर तक एक्सप्रेसवे का निर्माण चल रहा है। बैठक में एफएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए श्रीनिवास की ओर से विकास का एजेंडा प्रस्तुत किया गया, जिसकी मुख्यमंत्री ने शहर के विकास के लिए स्वीकृति दे दी। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि एफएमडीए शहर के सभी बड़े प्रोजेक्ट पूरे करेगा, जबकि छोटे प्रोजेक्ट नगर निगम पूरे करेगा।