ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-78 में 8.20 एकड़ पर विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित होगा सम्मेलन केंद्र
संदीप वर्मा
फरीदाबाद। इंडिया हैबिटेट सेंटर की तर्ज पर फरीदाबाद में विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित सम्मेलन केंद्र (कंवेंशन सेंटर) अंडाकार (ओवल शेप) डिजाइन में बनकर तैयार हो रहा है। इस कंवेंशन सेंटर का कार्य करीब 16 प्रतिशत पूरा हो गया है। जनवरी 2027 में यह बनकर तैयार होगा तो हरियाणा प्रदेश की सभी बड़ी प्रदर्शनी और सम्मेलन इसी स्थान पर हो सकेंगे।
फरीदाबाद शहर आने वाले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमकने को तैयार हो रहा है। एक ओर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे लिंक रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग-19, ईस्टर्न-वेस्टर्न सड़क परियोजना, मंझावली रोड, नोएडा एयरपोर्ट का ग्रीन एक्सप्रेस-वे है। वहीं, हरियाणा शहर का सबसे बड़ा 8.20 एकड़ में बनने वाला विश्वस्तरीय कंवेंशन सेंटर अब शहर की शोभा में चार चांद लगाएगा। परियोजना के अंतर्गत मुख्य सम्मेलन कक्ष की छत बनकर तैयार हो गई है। इसके ऊपर कॉलम तैयार किए जा रहे हैं। ग्रैप की पाबंदियां हटने के बाद इसका काम तेजी से हो सकेगा। अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 514,975 वर्ग फीट होगा और इसकी अनुमानित निर्माण लागत 442.50 करोड़ रुपये होगी। केंद्र मुख्य रूप से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर सम्मेलनों, सम्मेलनों और कार्यक्रमों की मेजबानी करेगा। यह समारोह सरकारी अधिकारियों, कॉर्पोरेट संस्थाओं, उद्योगों, प्रदर्शन कला समूहों और फिल्म समारोहों आदि के लिए होंगे। इसका निर्माण हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कर रहा है।
2000 लोगों के लिए होगा सम्मेलन केंद्र
एचएसवीपी के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में तीन पूर्ण कक्ष होंगे। इनमें से अंडाकार (ओवल शेप) में बड़ा सम्मेलन कक्ष 2,000 लोगों के बैठने के लिए होगा। इसके अलावा दो सम्मेलन कक्ष 250-250 लोगों के बैठने की क्षमता के बनेंगे। सम्मेलन केंद्र में विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों के लिए एक प्रदर्शनी हॉल बनाया जा रहा है। सम्मेलन केंद्र में गोलमेज सम्मेलन, कॉर्पोरेट प्रदर्शनियां, सरकारी प्रदर्शनियां और राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय बैठकों के लिए डिजाइन किया गया है। इसके अलावा कला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मेजबानी के लिए इसका आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। कंवेंशन सेंटर में पांच सितारा होटल, रेस्त्रां भी बनाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में आने वाले देश-विदेश के लोगों के लिए यहां रहने की सुविधा मिल सकेगी।
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन कक्ष का 16 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में मुख्य सम्मेलन कक्ष की छत तैयार हो गई है। अब कॉलम तैयार किए जा रहे हैं। अभी ग्रैप के चलते काम रुका हुआ है। ग्रैप की पाबंदियां हटते ही काम में तेजी आएगी। -संदीप दहिया, अधीक्षण अभियंता, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण