- गुरुग्राम में आयोजित प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गुरुग्राम के गुणगांव स्केटर्स ट्रैक पर खेली गई राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने दम दिखाते हुए कुल 32 पदक अपने नाम किए। इनमें 12 स्वर्ण पदक शामिल रहे। प्रतियोगिता में माइनस 6 वर्ष से लेकर प्लस 18 वर्ष की उम्र तक के मुकाबले खेले गए। इनमें विभिन्न आयुवर्गों में शहर के खिलाड़ियों ने पदकों पर कब्जा जमाया।
इनमें अलग-अलग आयुवर्गों में दक्ष, गायू भारद्वाज, प्राणवी, सियोना और सक्षम ने 2-2 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इनमें सक्षम और निवान ने 6-8 वर्ष के आयु वर्ग में यह कारनामा किया। गायू भारद्वाज ने 8-10 साल के आयु वर्ग में 2 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्राणवी ने 10-12 साल के आयुवर्ग में यह कारनामा किया। वहीं, दक्ष भाटी ने 15 से 18 वर्ष में 2 स्वर्ण पदक जीते।
अन्य खिलाड़ियों में अबीर गोयल, अवनी राठी, लक्ष्य सोलंकी और युवान ने 2-2 रजत पदकों पर कब्जा जमाया। वहीं संस्कृति के नाम एक रजत और एक कांस्य पदक रहा। इसके अलावा सतादीप रॉय, सिद्दांत और प्राची ने दो कांस्य पदक जीते। भविष्य, खनक, प्रान्या और वाची के नाम 1-1 कांस्य पदक रहा।
बता दें कि इससे पहले इन सभी खिलाड़ियों ने बीते माह गुरुग्राम में हुई एक अन्य स्केटिंग चैंपियनशिप में भी कई पदकों पर कब्जा जमाया था।