-पुरानी लाइटों की जगह लगेंगी नई एलईडी, कई जगह हाईमास्ट लाइटें भी होंगी स्थापित, ओल्ड फरीदाबाद से बल्लभगढ़ तक खर्च होंगे करीब 77 लाख
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिवाली के त्योहार पर शहर को रोशनी से जगमगाने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम प्रशासन ने शहर की स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए हैं। निगम के मुख्य अभियंता ने सभी जूनियर इंजीनियरों (जेई) को अपने-अपने वार्डों में स्ट्रीट लाइट और अन्य प्रकाश व्यवस्था की जांच कर उन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुरानी लाइटों को बदलकर उनके स्थान पर नई एलईडी लाइटें भी लगाई जाएंगी।
मुख्य अभियंता के निर्देश के बाद सभी जेई ने अपने-अपने क्षेत्र में बंद पड़ी लाइटों को दुरुस्त कराने का काम तेज कर दिया है और इन्हें चिन्हित किया जा रहा है। इसके साथ ही नगर निगम शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नई एलईडी लाइटें लगाने, पुराने पोल बदलने और हाईमास्ट लाइट स्थापित करने के लिए तैयारी कर ली गई है। इसमें ओल्ड फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र की इंडियन ऑयल रोड और सेक्टर-7-8 डिवाइडिंग रोड पर नई एलईडी लाइटें और पोल लगाए जाएंगे। इसके अलावा सेक्टर-28 मार्केट में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का सुंदरीकरण किया जाएगा। यहां पुराने ऑक्टागोनल पोल हटाकर नए पोल लगाए जाएंगे। इन सभी कार्यों में नगर निगम लगभग 77 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-41 में मोहना रोड स्थित होटल से 20 मीटर ऊंचे हाईमास्ट को मिनी सचिवालय परिसर में शिफ्ट किया जाएगा। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विनय नगर श्मशान घाट में 12.5 मीटर ऊंचा हाईमास्ट लगाया जाएगा। निगम हाईमास्ट के जरिए शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने की तैयारी कर रहा है।
-
पांच साल तक रखरखाव की होगी जिम्मेदारी
नगर निगम की ओर से नई एलईडी लाइटें लगाने का काम टेंडर के जरिए प्राइवेट एजेंसी को दिया जाएगा। इसमें नगर निगम ने पांच साल की डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड की शर्त भी रखी है। लाइटों के लगने के बाद अगर पांच साल तक लाइटों में कोई खराबी आती है या कोई तकनीकि दिक्कत तआती है, जो इसकी जिम्मेदारी संबंधित कार्यदायी संस्था की होगी। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइटों को समय पर चालू और बंद करने व उनकी निगरानी का काम भी संबंधित संस्था को ही करना होगा।
इन जगहों के लिए तैयार हुई कार्य योजना
-इंडियन ऑयल रोड, ओल्ड फरीदाबाद में नई एलईडी लाइटें और पोल लगाने पर 16.90 लाख रुपये खर्च होंगे।-सेक्टर-28 मार्केट में पुराने ऑक्टागोनल पोल हटाकर नए पोल लगाने और लाइट व्यवस्था के सुंदरीकरण पर 21.27 लाख रुपये खर्च होंगे।
-ओल्ड फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र की सेक्टर-7-8 डिवाइडिंग रोड पर नई एलईडी लाइटें और पोल लगाने पर 35.42 लाख रुपये खर्च होंगे।
-बल्लभगढ़ के वार्ड-41 में 20 मीटर हाईमास्ट को गुप्ता होटल, मोहना रोड से मिनी सचिवालय परिसर में शिफ्ट करने पर 1.38 लाख रुपये खर्च होंगे।
-तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विनय नगर श्मशान घाट में 12.5 मीटर ऊंचा हाईमास्ट लगाने पर 2 लाख रुपये खर्च होंगे।
-
वर्जन-
शहर की स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के लिए सभी जेई को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जेई अपने क्षेत्र में लाइटों को दुरुस्त कराएंगे और इसकी रिपोर्ट सौंपेंगे। कई नए कार्यों के लिए भी टेंडर जारी किए जा चुके हैं। शहरवासियों को बेहतर सुविधा देने के लिए नगर निगम की ओर से लगातार काम किया जा रहा है।
-ओमवीर, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम