फरीदाबाद। लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान पर शनिवार को खेले गए डे-नाइट मुकाबले में फरीदाबाद सुपर 11 ने सर्वोदय की टीम को 37 रन से हरा दिया। 20 ओवर के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी को आई सुपर 11 की टीम 19.1 ओवर में 175 रनों पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से दिलीप सिंह ने 48 और पीयूष भारद्वाज ने 35 रन बनाए जबकि हेमंत ने 27 रनों का योगदान दिया। सर्वोदय की ओर से दीपक कौशिक ने तीन विकेट लिए जबकि देवेंद्र ने दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सर्वोदय की टीम नौ विकेट पर 138 रन ही बना सकी। टीम की ओर से जीतू ने 54 जबकि मोहित ने 26 और देवेंद्र ने 20 रनों का योगदान दिया। सुपर 11 की ओर से बलराम मिश्रा ने 27 रन देकर चार जबकि नरेश सोलंकी ने तीन और पवन शर्मा ने दो विकेट लिए। नरेश सोलंकी को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।