फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: ईवी में हरियाणा में तीसरे स्थान पर फरीदाबाद, चार्जिंग सुविधाएं कम

विज्ञापन
विज्ञापन
औद्योगिक शहर में 14,981 इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सिर्फ 49 चार्जिंग स्टेशन
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के मामले में फरीदाबाद प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो चुका है। जिले में अब तक 14,981 इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण हो चुका है और ईवी संख्या के मामले में फरीदाबाद हरियाणा में तीसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री की ओर से 30 लाख रुपये तक के इलेक्ट्रिक वाहनों को मोटर वाहन कर से मुक्त करने की घोषणा के बाद ईवी की मांग और तेजी पकड़ने की उम्मीद है। हालांकि वाहनों की बढ़ती संख्या के मुकाबले चार्जिंग नेटवर्क अभी सीमित है।
जिले में फिलहाल 49 ईवी चार्जिंग स्टेशन और प्वाइंट विकसित किए गए हैं, यानी मौजूदा समय में औसतन 306 इलेक्ट्रिक वाहनों पर एक चार्जिंग सुविधा उपलब्ध है। यदि सरकार की योजनाओं और लोगों की बढ़ती रुचि के चलते ईवी की संख्या बढ़कर 19 हजार तक पहुंचती है तो मौजूदा व्यवस्था में एक चार्जिंग स्टेशन पर करीब 388 वाहनों का दबाव आ जाएगा।
विज्ञापन



22 लाख आबादी वाले शहर में ईवी की संभावनाएं अधिक

फरीदाबाद की आबादी करीब 22 लाख है। औद्योगिक इकाइयों, आईटी कंपनियों, निजी संस्थानों और रोजाना दिल्ली-एनसीआर में होने वाली आवाजाही को देखते हुए जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ने की काफी संभावना है। यदि कुल आबादी का छोटा हिस्सा भी अगले कुछ वर्षों में ईवी अपनाता है तो वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। खासकर दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। मध्य वर्ग और नौकरीपेशा लोग कम खर्च और कम रखरखाव के कारण ईवी की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

नगर निगम तैयार कर रहा 100 से ज्यादा स्टेशनों का नेटवर्क

इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए फरीदाबाद नगर निगम भी बड़े स्तर पर चार्जिंग नेटवर्क विकसित करने की तैयारी कर रहा है। निगम की योजना शहर में 100 से अधिक सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की है। इससे उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा जिनके पास घर पर चार्जिंग की सुविधा नहीं है। इससे पहले करीब 25 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन विकसित करने की योजना बनाई गई थी।

इलेक्ट्रिक बसों के लिए सेक्टर-61 में बनेगा बड़ा चार्जिंग डिपो

निजी वाहनों के साथ सार्वजनिक परिवहन को इलेक्ट्रिक बनाने की दिशा में भी काम चल रहा है। बल्लभगढ़ के सेक्टर-61 में करीब पांच एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग डिपो विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना पर करीब 9 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे आने वाले समय में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में मदद मिलेगी।
विज्ञापन

चार्जिंग सुविधा बढ़ी तो बदल सकता है लोगों का रुझान

वाहन डीलरों के अनुसार, फरीदाबाद में इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है। ग्राहक अब कीमत के साथ वाहन की रेंज, बैटरी लाइफ और चार्जिंग सुविधा को सबसे ज्यादा महत्व दे रहे हैं। कई लोग ईवी खरीदना चाहते हैं लेकिन लंबी दूरी की यात्रा के दौरान चार्जिंग की उपलब्धता को लेकर अभी भी संशय में हैं। ड्यूटी इंस्पेक्टर जयपाल राठी ने बताया कि जिले में ईवी चार्जिंग स्टेशन और चार्जिंग प्वाइंट विकसित करने का कार्य जारी है। निर्धारित लक्ष्य के तहत अब तक 49 स्थानों पर सुविधा विकसित की जा चुकी है। आने वाले समय में चार्जिंग नेटवर्क को और मजबूत किया जाएगा।



नगर निगम की तरफ से 100 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है। जल्द जमीनी स्तर पर इसका काम शुरू हो जाएगा।
- नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें