फरीदाबाद पुलिस की ओर से आमजन से अपील भी की गई है कि शांतिपूर्वक तरीके से होली का त्योहार मनाएं। रमजान का महीना चल रहा है और फाग के दिन जुम्मा की नमाज है। ऐसे में हिंदू मुस्लिम भाईचारे का परिचय देकर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं। किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं।
पुलिस आयुक्त ने होली के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष चौकसी बरतने के आदेश दिए हैं।असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करने के दिशा निर्देश दिए है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों, शीशे पर काली फिल्म लगे वाहनों, दुपहिया वाहन पर तीन लोग बैठने वालों पर खास तौर से पुलिस की नजर रहेगी। सभी थानाें व चौकी प्रभारी को धार्मिक स्थल जैसे मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे, बाजारों में गश्त व पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने शहर के लोगों को परिवार संग शांतिपूर्वक तरीके से रंगों का उत्सव मनाने का सुझाव दिया। उन्होंने लोगों से अपील भी की है कि यह त्योहार लोगों की धार्मिक आस्था का प्रतीक है और सभी शांतिपूर्वक तरीके से त्योहार मनाएं।