ये मामला गुरुवार सुबह लगभग साढ़े 8 बजे सामने आया। लघु सचिवालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय का स्टॉफ ऑफिस पहुंचने लगा। यहां ऑफिस की ईमेल खोलकर चेक की गई तो उसमें लघु सचिवालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरी एक ईमेल आई हुई थी। सूचना तुरंत अधिकारियों को दी गई। वहां से सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बम स्कवॉड, डॉग स्कवॉड, स्वैट कमांडो टीम, थाना पुलिस व अपराध शाखा की टीमों को मौके पर भेजा गया।
टीमों ने सुबह 9 बजे तक ऑफिस बिल्डिंग को खाली कराकर परिसर को चेक करना शुरू किया। यहां 500 से अधिक कर्मचारियों को भवन से बाहर भेजा गया। सभी टीमों ने मिलकर पूरे ऑफिस परिसर की सघन चेकिंग की। दोपहर 1 बजे तक सभी टीमों ने लघु सचिवालय व अदालत परिसर को चेक किया। लेकिन इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जिसके बाद इसे महज अफवाह करार दिया गया।
जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि सुबह धमकी भरी ईमेल मिली थी। शहर में पुख्ता सुरक्षा के इंतजाम हैं। चेकिंग करने पर कोई ऐसी वस्तु नहीं मिली। ईमेल कहां से आई है, उसे चेक कराया जा रहा है। ये महज एक अफवाह थी। मामले में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करा साइबर टीम से पता कराया जा रहा है कि ईमेल भेजने वाला कौन था।