तलवारबाजी, तीरंदाजी, भारोत्तोलन और लॉन टेनिस के मुकाबले होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आगामी हरियाणा ओलंपिक खेलों को लेकर सभी जिलों में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। विभिन्न जिलों में लगातार ट्रायलों का भी आयोजन कराया जा रहा है। इसी क्रम में फरीदाबाद में भी कुश्ती, फुटबॉल और कई अन्य खेलों के ट्रायल आयोजित किए जा चुके हैं। इन सबके बीच हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से प्रतियोगिता का पूरा कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। इनमें चार खेलों की मेजबानी फरीदाबाद को दी गई है।
इन चार खेलों में तलवारबाजी, तीरंदाजी, भारोत्तोलन और लॉन टेनिस के मुकाबले होंगे। खेल विभाग के अधिकारियों का ध्यान महज ट्रायलों पर नहीं है। खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खिलाड़ियों के ठहरने व खाने की व्यवस्था के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके साथ ही खेल परिसर के चेंजिंग रूम से लेकर शौचालयों तक सभी चीजों को चमकाया जा रहा है, जिससे किसी भी खिलाड़ी को किसी तरह की परेशानी न हो।