चांद मोहम्मद के बर्थडे में गए थे साहिल और प्रभात
पलवल के ककराली गांव निवासी साहिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अक्तूबर को उसके दोस्त चांद मोहम्मद का जन्मदिन था। चांद ने उसे भूपानी गांव स्थित मक्कड़ फार्म में आयोजित पार्टी में बुलाया था। साहिल अपने दोस्त प्रभात के साथ कार में सवार होकर बल्लभगढ़ के सेक्टर-दो से फार्म पहुंचा था। वहां सभी ने साथ बैठकर खाना-पीना किया।
रात 11 बजे कहा- बीयर की पेटी ले आ
रात करीब 11 बजे साहिल और प्रभात घर लौटने लगे तो चांद और उसके साथी लकी ने साहिल से बीयर की पेटी लेकर आने को कहा था। साहिल ने देर होने की बात कहकर इनकार कर दिया। दोनों कार के पास पहुंचे तो आरोप है कि चांद, शिवम, लकी, साहिल, गोलू और गर्व ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने नुकीली चीज से भी वार किए।
शरीर के कई हिस्सों में चोट
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 21 अक्तूबर को साहिल की शिकायत पर जांच शुरू की गई। अस्पताल से साहिल और प्रभात की मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त की गई। साहिल की रिपोर्ट में छाती से पेट तक, दाएं कोहनी और बाएं हाथ पर धारदार वस्तु से चोट लगने का उल्लेख है। प्रभात की रिपोर्ट में भी चोटें दर्ज हैं। इसके आधार पर भूपानी थाना ने 22 अक्तूबर को छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।