फरीदाबाद। जिले में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने नए मिले कोरोना संक्रमितों से तीन गुना लोगों को संक्रमण मुक्त घोषित किया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को 328 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए।
स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 114 नए मामलों की पुष्टि की है। बीते 24 घंटे में एक संक्रमित की मौत हुई है। जिले में अब केवल 1090 ही सक्रिय मामले बचे हैं। इनमें से 547 अस्पतालों में और 543 को होम आइसोलेशन में हैं। विभिन्न अस्पतालों में 234 संक्रमित आइसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और 42 संक्रमित वेंटिलेटर पर हैं। सैंपल पाजिटिविटी रेट 2.9 फीसद और सक्रिय मामलों की दर एक फीसदी रह गई है। वहीं रिकवरी रेट 98.2 फीसदी हो गई है। कोरोना के मामले में 867 दिनों में दोगुने हो रहे हैं।
उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि रविवार को 1954 सैंपल लिए गए। इनमें से 1672 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। अब तक 839916 सैंपल लिए जा चुके हैं। वहीं प्रति एक लाख की आबादी में 46662 सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव-गांव में शिविर लगातार जागरुक किया जा रहा है।