आठ दिन तक परिवार तलाशता रहा, बेड से हाथ-पैर बांधकर रखने का वीडियो आया सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली से फरीदाबाद आए जिस युवक को उसका परिवार आठ दिन तक तलाशता रहा, वह बीके नागरिक अस्पताल में अज्ञात मरीज के रूप में भर्ती था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई और परिजनों को इसकी जानकारी तक नहीं मिली।
मृतक की पहचान दिल्ली के शाहदरा निवासी कपिल कपूर के रूप में हुई है। शव की पहचान होने के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मंगलवार को इमरजेंसी के बाहर हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती होने की जानकारी नहीं देने और देखभाल में लापरवाही के आरोप लगाए। परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। कपिल के पिता अतुल कपूर के अनुसार, सात नवंबर को शाम करीब चार बजे कपिल की मां से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उसने बताया था कि वह फरीदाबाद में एक दोस्त से मिलकर दिल्ली लौट रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली तो शाहदरा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। परिवार अपने स्तर पर भी उसकी तलाश कर रहा था। उन्हें नहीं पता था कि कपिल बीके अस्पताल में भर्ती है।
आठ नवंबर को कराया गया था अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार, कपिल को आठ नवंबर की रात अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया था। उसे अज्ञात मरीज के रूप में भर्ती किया गया। 15 नवंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल में कपिल के हाथ-पैर बेड से बंधे होने का वीडियो भी सामने आया है। कपिल के चचेरे भाई ईशान मल्होत्रा ने बताया कि वह रैपिडो में बाइक चलाता था। करीब दो महीने पहले उसका तलाक हुआ था और उसकी कोई संतान नहीं थी। वह अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था। परिजनों ने उस वार्ड की साफ-सफाई और व्यवस्था पर भी सवाल उठाए, जहां कपिल भर्ती था।
सीएमओ ने गठित की जांच कमेटी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने मरीज को समय पर खाना और दवाइयां नहीं देने के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि मरीज की देखभाल की जा रही थी और अस्पताल लाए जाने के समय उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। कमेटी यह पता लगाएगी कि मरीज को कितनी देर तक बेड से बांधकर रखा गया और उपचार के दौरान सभी जरूरी सावधानियां बरती गईं या नहीं। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।