संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नंगला एन्क्लेव पार्ट-एक में आतिशबाजी करने से रोकने पर युवक ने दोस्तों के साथ मिलकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। हमले में परिवार के चार लोग घायल हो गए। वारदात के दौरान महिलाओं के आभूषण भी गुम हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
नंगला एन्क्लेव निवासी भगवान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पड़ोस में उमाशंकर नाम का युवक परिवार सहित रहता है। उमाशंकर का बेटा प्रिंस और दोस्त अमित देशी तरीके से बनाई गई एक नाल में गंधक-पोटाश भरकर आतिशबाजी कर रहे थे। पोटाश से होने वाले धमाके के कारण आसपास के बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी हो रही थी। बुधवार दोपहर भगवान सिंह ने इस बात को लेकर उमाशंकर की पत्नी सरोज से शिकायत की और बेटे को ऐसा करने के रोकने के लिए कहा। आरोप है कि सरोज ने बेटे की तरफदारी लेते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान बेटे प्रिंस और अमित ने फोन कर करीब 20 युवकों को बुला लिया। डंडों से लैस होकर आए युवकों ने भगवान सिंह के परिवार पर हमला कर दिया। घटना में भगवान सिंह, भाई नेम सिंह, भाभी विनिता और पत्नी मनीषा बुरी तरह से घायल हो गए। इस दौरान महिलाओं की सोने की चेन और अंगूठी भी गुम हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।