क्रेडिट कार्ड पर अनिवार्य सर्विस के नाम ठगी करते थे आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दिल्ली के मोती नगर इलाके में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 6 महिलाओं सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी क्रेडिट कार्ड पर अनिवार्य सर्विस के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। पीड़ित को एक अंजान कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट का कर्मचारी बताया। कॉलर ने कहा कि सरकार की ओर से एक अनिवार्य क्रेडिट कार्ड सर्विस लागू की गई है जिसे न लेने पर खाते से पैसे कट जाएंगे।
डर के माहौल में पीड़ित को एक लिंक भेजा गया, जिस पर क्लिक करने के बाद उससे 20 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया।
महिलाएं करती थीं कॉलिंग, 20 हजार सैलरी तय
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अनूप डडवाल (40) ने मोती नगर दिल्ली में किराये के फ्लैट में फर्जी कॉल सेंटर खोल रखा था। महिला आरोपी योगेश्वरी टीम लीडर, विजया एचआर और ट्रेनिंग संभालती थी, जबकि अन्य महिलाएं कॉलर का काम करती थीं।
आरोपियों से 12 सिम कार्ड और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सिम से फरीदाबाद जिले के तीन अन्य ठगी मामलों का भी खुलासा हुआ है। अनूप डडवाल और योगेश्वरी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।