फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: दो दिन से लापता फैक्टरी कर्मी की गला रेतकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
सोमवार को घर से ड्यूटी के लिए निकला था युवक, सरूरपुर गांव में खेत में मिला शव
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र के सरूरपुर गांव में बुधवार सुबह खेत में एक युवक का शव लहूलुहान हालत में मिला। शुरुआती जांच में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर मुजेसर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान श्याम नगर निवासी सचिन (22) के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था।


परिजनों ने बताया कि सचिन एक फैक्टरी में नौकरी करता था। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक बड़ी बहन है, जो शादीशुदा है। पड़ोसियों का कहना है कि सचिन का स्वभाव शांत था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिजनों ने भी किसी से भी रंजिश होने की बात से साफ इन्कार किया है। हत्या किसने और किस कारण से की, इसे लेकर फिलहाल परिवार और आसपास के लोग भी असमंजस में हैं।
विज्ञापन

अक्सर दोस्तों के पास रात में रुकता था सचिन
सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह घर से ड्यूटी जाने के लिए निकला था, लेकिन शाम को वापस नहीं लौटा। बहन के अनुसार, सचिन को शराब पीने की आदत थी और वह अक्सर दोस्तों के पास रुक जाता था। इसलिए सोमवार रात परिजनों ने सोचा कि वह किसी दोस्त के घर ठहर गया होगा। मंगलवार को भी जब वह वापस नहीं आया तो परिवार ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उसका शव देखकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन


सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें