संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-86 स्थित एक निजी अस्पताल की ओर से शुक्रवार शाम एक होटल में किडनी रोगों के उपचार में नई चिकित्सा तकनीकों और दवाओं को लेकर वैज्ञानिक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेफ्रोलॉजिस्ट और चिकित्सा विशेषज्ञों ने भाग लेकर किडनी रोगियों के इलाज में नई संभावनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अस्पताल के चेयरमैन डॉ. जितेंद्र कुमार ने की। विशेषज्ञों ने किडनी रोग और उससे जुड़ी जटिलताओं के इलाज में नई दवा की उपयोगिता, प्रभाव और मरीजों को होने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के बढ़ते मामलों के कारण किडनी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं।
वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. वीके उपाध्याय ने किडनी रोग के उपचार में हो रहे नए शोध और उपचार पद्धतियों पर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में सवाल-जवाब सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सकों ने विभिन्न चिकित्सा पहलुओं पर चर्चा की।