गंदे पानी की समस्या से मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। हीरापुर–मोहना मुख्य मार्ग पर पिछले कई वर्षों से गंदे पानी के जमा होने से परेशान ग्रामीणों को अब जल्द राहत मिलने वाली है। हीरापुर में पंचायती विभाग की ओर से सड़क किनारे नाले की खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया है।
नाले के निर्माण से गांव का गंदा पानी सीधे जोहड़ तक पहुंचेगा और मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या समाप्त होगी। ग्रामीणों के अनुसार, बरसों से इस सड़क पर पानी जमा रहने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बदबूदार पानी और कीचड़ के चलते आए दिन फिसलन व दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आती थीं। यह मार्ग गांव को अन्य क्षेत्रों से जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इस संबंध में हीरापुर गांव के सरपंच प्रतिनिधि कमल कौशिक ने बताया कि जेसीबी मशीन की सहायता से नाले की खुदाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नाला बनने के बाद गंदा पानी सड़क पर नहीं फैलेगा, जिससे दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि यह नाला कई वर्षों पहले बन जाना चाहिए था लेकिन सहमति न बनने के कारण कार्य लंबित रहा। अब ग्रामीणों की सहमति बनने के बाद परियोजना को गति दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत विभाग के इस कदम का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही मुख्य मार्ग पूरी तरह साफ-सुथरा नजर आएगा तथा आवागमन सुगम हो जाएगा।