अन्नदाता किसान की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर मंडियों में खरीदा जाएगा
मंत्री ने कहा, रसोई ईंधन की कमी की झूठी अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहे जनता
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर बताया कि प्रदेश की सभी मंडियों में गेहूं एवं सरसों की खरीद बढ़िया तरीके से चल रही है। मंत्री ने खुद कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम, झज्जर, करनाल आदि जगहों की मंडियों का दौरा किया है और जरूरी निर्देश व्यवस्थापकों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक अप्रैल से प्रदेश के सभी जिलों में किसानों से गेहूं एवं सरसों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। इस बार खरीद को आधुनिक बनाते हुए किसानों के वाहनों को जियो टैगिंग से लैस किया है, वहीं मंडियों में एंट्री के लिए पास भी जारी किए हैं।
इसके साथ-साथ किसानों को बायोमेट्रिक व्यवस्था के साथ भी जोड़ा है। जिससे कि बाहर के ट्रेडर किसान बनकर यहां मंडियों में हमारे राज्य के अन्नदाता का हक नहीं मार सकेंगे। मंत्री ने कहा कि हम व्यवस्था लागू करके ही संतुष्ट नहीं है बल्कि उसकी प्रतिदिन के आधार पर समीक्षा हो रही है। उन्होंने बताया कि आज भी हमारे प्रदेश की सभी मंडियों में करीब 5000 किसान सरसों लेकर पहुंचे। उनकी 9978 मीट्रिक टन सरसों में से करीब 4836 मीटिंग टन की खरीद हो चुकी है, बाकी की कार्रवाई जारी है। इसी प्रकार करीब 1 लाख 27 हजार 312 गेट पास के जरिए 7 लाख 4 हजार 573 मीट्रिक टन गेहूं भी मंडियों में पहुंचा। इसमें से 1 लाख 23 हजार 373 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद संपन्न हो चुकी थी।
मंत्री राजेश नागर ने घरेलू ईंधन के बारे में अफवाह फैलाकर लोगों को परेशान करने वालों को चेतावनी दी कि वह अपनी हरकत से बाज आ जाएं, अन्यथा उनके खिलाफ चल रही कार्रवाई को और सख्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में ऐसे लोगों के खिलाफ 19 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं जिसमें 17 गिरफ्तारियां भी हुई हैं। राजेश नागर ने बताया कि प्रदेश में प्रवासी लोगों के लिए 5 किलो के रसोई गैस सिलेंडर भी देने के निर्देश दिए गए हैं। हमारे पास रसोई गैस ईंधन के पर्याप्त स्टॉक हैं इसके लिए प्रदेश में रह रहे किसी भी व्यक्ति को घबराने की जरूरत नहीं है।