जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन आदि के सहयोग से सेक्टर-49, गंगाराम कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी, तिगांव रोड बल्लभगढ़ सहित अन्य स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई। डीसी ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसे जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है।
डीसी विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में सेवा पखवाड़ा के तहत फरीदाबाद शहर में स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार सक्रिय हैं। अधिकारी एवं कर्मचारी न केवल सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर रहे हैं, बल्कि नागरिकों को भी अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। अभियान के अंतर्गत अतिक्रमण हटाने, शौचालयों का नवीनीकरण, सड़कों और डिवाइडरों की मरम्मत, पार्कों और ग्रीन बेल्ट की देखभाल, पेड़-पौधे लगाने, जलभराव की समस्या का समाधान, स्ट्रीट लाइट सुधार, बाजार और दीवारों की सफाई व सौंदर्यीकरण जैसी गतिविधियों पर विशेष बल दिया जा रहा है।
डीसी ने शहरवासियों से आह्वान किया है कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि कचरे को सड़क या गलियों में न फैलाएं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जागरूक नागरिक की भूमिका निभाते हुए अपने बच्चों और परिवार को भी स्वच्छता के महत्व से अवगत कराएं और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब इसमें हर शहरवासी बराबर का सहभागी बनेगा।