सावन के अंतिम सोमवार को मंदिरों में उमड़ी आस्था, सुबह से ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सावन के अंतिम सोमवार को जिलेभर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। सुबह बारिश होने के बावजूद शिव भक्त उत्साह के साथ मंदिरों में पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिरों में सुबह से ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, दही, घी और शहद से अभिषेक किया। सुबह की आरती के बाद मंदिरों में जलाभिषेक शुरू हुआ, जो दोपहर तक जारी रहा। जिले के प्रमुख मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिरों के बाहर प्रसाद, बेलपत्र और पूजा सामग्री की अस्थायी दुकानें भी लगाई गई थीं।
सेक्टर-8 स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर, सीही गेट रोड बल्लभगढ़ स्थित शिव मंदिर, एनआईटी मार्केट स्थित शिव मंदिर, धोबी घाट स्थित काली मंदिर, तिकोना पार्क स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर और सैनिक कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इसके अलावा ग्रेटर फरीदाबाद की विभिन्न सोसाइटियों में बने मंदिरों में भी लोगों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
माता वैष्णो देवी मंदिर के प्रधान जगदीश भाटिया ने बताया कि मंदिर में सुबह पांच बजे से ही रुद्राभिषेक शुरू हो गए थे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया। दोपहर बाद तक भी रुद्राभिषेक का सिलसिला जारी रहा। उन्होंने बताया कि सावन के सोमवार को लेकर मंदिर में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
शहर में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी
फरीदाबाद एनआईटी पांच तत्कालेश्वर मंदिर में सावन के आखिरी सोमवार को पूजा करते श्रद्धालु । संवाद- फोटो : 1