खरीदारों की शिकायत पर बिल्डर कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-45 स्थित सरवोम प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदारों से 80 प्रतिशत से अधिक रकम लेने के बाद आवंटन रद्द कर फ्लैट दूसरे लोगों को बेचने का आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार, कंपनी ने निर्माण पूरा होने से पहले ही 2024 में फ्लैटों का आवंटन रद्द कर दिया था।
शिकायतकर्ता राजीव नाथवानी, हरि राम और गौरव नाथवानी ने पुलिस को बताया कि उन्हें सेक्टर-45 स्थित सरवोम प्रोजेक्ट में दो कमरों के फ्लैट आवंटित किए गए थे। उन्होंने वर्ष 2023-24 में फ्लैटों की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान कर दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद कंपनी ने 2024 में उनके फ्लैटों का आवंटन रद्द कर दिया और उन्हें दूसरे खरीदारों को बेच दिया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि फ्लैटों का निर्माण भी निर्धारित समय तक पूरा नहीं हुआ था। ये फ्लैट आईसीआईसीआई बैंक के पास गिरवी भी रखे गए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जनसुनवाई पोर्टल पर मिली शिकायत की जांच और मामले में तीन फ्लैट खरीदारों की शिकायत पर सूरजकुंड थाना ने सात नवंबर को बिल्डर कंपनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।