सेक्टर- 82 की पार्क ग्रैंड्यूरा सोसाइटी के लोगों ने बताईं अपनी समस्याएं, कहा- अपने खर्चे पर करानी पड़ती है सफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर- 82 की पार्क ग्रैंड्यूरा सोसाइटी में लावारिस पशुओं के कारण लोगों को समस्या होती है। निवासियों का कहना है कि हाउस टैक्स देने के बाद भी नगर निगम की ओर से उन्हें कोई सुविधा नहीं मिल रही है। सोसाइटी में न तो लाइट है, न ही पार्क में बैठने के लिए बैंच हैं। नगर निगम की ओर से कोई भी सफाई कर्मचारी सोसाइटी में नहीं पहुंचता है। निवासी खुद ही अपने खर्चे पर सफाई कराते हैं। नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स में कचरा संग्रहण के अलग से रुपये जोड़ दिए हैं, जिसमें सोसाइटी के लोग अलग से हजार रुपये का भुगतान कर रहे हैं। ये सब बातें रविवार को सोसाइटी के लोगों ने अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में रखीं और प्रशासन से समाधान की मांग की।
सतीश, सुरेंद्र, एन के भाटिया, अशोक, प्रशांत, अमित, आर के व अन्य लोगों ने बताया कि हम लोग इतना टैक्स भर रहे हैं, आखिर इतने रुपये कहां जा रहे हैं। इसके अलावा हमारी रजिस्ट्री में सुपर एरिया लिखा हुआ है। जिसके कारण सोसाइटी के निवासी सुपर एरिया पर टैक्स जमा करा रहे हैं। लेकिन अगर बाकी सोसाइटियों और सेक्टरों की बात की जाए तो सभी लोग कारपेट एरिया पर टैक्स जमा कराते हैं। इसकी वजह से निवासियों को कारपेट एरिया की तुलना में सुपर एरिया पर तीन गुना ज्यादा रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है।
निवासियों ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर हमने विधायक मूलचंद शर्मा से भी बात की लेकिन हमारी समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है। बिजली की तारें जमीन के नीचे से जा रही हैं। कई बार इनमें खराबी आ जाती है, जिसको लेकर हमने डीएचबीवीएन से तार को ऊपर करने की मांग की। जिसके बाद सर्वे भी किया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पार्क में न तो नगर निगम की ओर से बुजुर्गों के बैठने के बैंच लगाए गए हैं और न ही लाइट लगाई गई है। इसके अलावा रोड का बुरा हाल है।
लावारिस पशुओं की वजह से निवासी परेशान हैं। वहीं दूसरी ओर लावारिस कुत्ते भी बहुत जयादा हैं। कुत्तों के भौंकने से बीमार और बुजुर्ग लोगों को कई समस्या होती है। लोगों का कहना है कि इन सभी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उम्मीद है कि आपके माध्यम से अधिकारी सुन लें और जल्द इसका समाधान करें।
लोगों से बातचीत
सोसाइटी निवासी प्रॉपर्टी टैक्स में कचरा संग्रहण के रुपये दे रहे हैं इसके बाद भी सोसाइटी के अंदर कचरा उठाने के लिए रुपये देने पड़ते हैं । -
सतीश भटनागर, आरडब्ल्यूए प्रधान
नगर निगम केवल रुपये ले रहा है। कोई भी काम नहीं करा रहा है। सोसाइटी के निवासी खुद ही सफाई करवाते हैं।
निर्मल कुलश्रेष्ठ, ग्रेफा प्रधान
रात के समय में कुत्ते बहुत ज्यादा भौंकते हैं, जिससे आस पास के टावर में रह रहे लोग और बुजुर्गों को काफी समस्या होती है।
प्रियंका
सोसाइटी में निवासियों को कारपेट एरिया की तुलना में सुपर एरिया पर तीन गुना ज्यादा रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है। जिसकी कोई सुनवाई नहीं है।
हनीश सिंगला
लावारिस पशुओं और कुत्तों से निवासी काफी परेशान हैं। इसके लिए नगर निगम में भी कई बार शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। -
कृष्णु मुखोपाध्याय
सोसाइटी से बाहर निकलते ही मेन रोड पर गोल चक्कर या सर्विस लेन होनी चाहिए, जिससे हादसे न हो। सोसाइटी के पास चार स्कूल हैं और बच्चे यहीं से निकलते हैं।
आर के बिश्नोई