प्रतियोगिता में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र भाग लेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में 3 नवंबर को निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता छात्रों में गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, उनके बलिदान और शिक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र भाग लेंगे।
प्रतियोगिता 90 मिनट की होगी और छात्र अपनी सुविधा अनुसार हिंदी, पंजाबी, संस्कृत या अंग्रेजी भाषा में निबंध लिख सकेंगे। विद्यालयों में यह प्रतियोगिता शिक्षकों की देखरेख में ऑफलाइन आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता विभिन्न स्तरों पर होगी जैसे विद्यालय, खंड और जिला स्तर। विद्यालय स्तर पर गठित मूल्यांकन समिति सर्वोत्तम निबंधों का चयन करेगी। प्रत्येक विद्यालय से प्रत्येक भाषा में एक श्रेष्ठ प्रविष्टि का चयन कर जिला स्तर पर भेजा जाएगा।
मूल्यांकन प्रक्रिया 6 नवंबर को पूरी होगी
जिला स्तर पर मूल्यांकन की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में दो सदस्यीय समिति निभाएगी। सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के बाद विद्यालय स्तर पर मूल्यांकन प्रक्रिया 6 नवंबर को पूरी की जाएगी। चयनित प्रविष्टियों को खंड स्तर पर 9 नवंबर तक संबंधित कार्यालयों को भेजना होगा। इसके बाद राज्य स्तर पर 10 नवंबर को अंतिम चयन किया जाएगा। हथीन खंड शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी रविन्द्र दीक्षित ने बताया कि शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे छात्रों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।