ईएसआईसी में मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
फरीदाबाद। एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में आने वाले दिनों में मरीजों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। निजी अस्पतालों की तर्ज पर अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं जैसे कैंसर मरीजों का इलाज, किडनी ट्रांसप्लांट और एनजियोग्राफी, एनजियोप्लास्टी समेत इलाज की सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह जानकारी रविवार को मुख्यालय से ईएसआई मेडिकल पहुंची एक सब कमेटी ने दी। इस पर जल्द ही अस्पताल में काम शुरू होगा।
बुधवार को ईएसआईसी मुख्यालय दिल्ली से एक सब कमेटी ने ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान कमेटी ने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं पर काफी हद तक संतुष्टि जताई। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. असीमदास, रजिस्ट्रार डॉ. अनिल पांडे सहित अन्य अधिकारियों के साथ अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार पर चर्चा की गई।
एक अधिकारी ने कहा कि अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी सुविधाओं का अभाव है। किडनी रोग, हृदय रोग, दिमागी रोग व कैंसर जैसी घातक बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर किया जाता है। इसके लिए निजी अस्पतालों को करोड़ों रुपये का भुगतान होता है। केवल हृदय रोग के लिए ही निजी अस्पतालों को साल में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया जाता है। यही स्थिति अन्य विभागों की है। इसके बावजूद ईएसआईसी के अपने अस्पतालों में सुविधाएं नहीं बढ़ाई जा रही हैं। यहां उच्च स्तरीय इलाज के लिए आने वाले मरीजों को सुविधाओं के अभाव में निजी अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है।
---
22 सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं होगी शुरू
फरीदाबाद स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भी सुविधाओं का अभाव है। इन मुद्दों पर गहन विचार के बाद बैठक में अस्पताल में 22 सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं बढ़ाने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही, अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी पूरी करने के लिए वरिष्ठ डॉक्टरों के साक्षात्कार जल्द शुरू किए जा सकते हैं। इसके बाद मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सुविधाएं बढ़ेंगी
नेफ्रोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, न्यूरोलॉजी, हृदय रोग, कैंसर, श्वास रोग, यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, पिडियाट्रिक्स सर्जरी, नियोनेटोलॉजी, इंडो क्रोनोलॉजी की सुविधाएं बढ़ेंगी।
अस्पताल में दिल्ली मुख्यालय से सब कमेटी ने दौरा किया। टीम ने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। सुपर स्पेशलिटी सुविधाओं को बढ़ाने पर चर्चा की गई। कमेटी ने आश्वासन दिया कि जल्द अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में तेजी लाई जाएगी।
- डॉ. असीम दास, डीन, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदाबाद