आयुषी सिहाग 711 अंकों के साथ विश्वविद्यालय में प्रथम
आर्यमान अग्रवाल ने 700 अंक लेकर पाया दूसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के विद्यार्थियों ने एमबीबीएस द्वितीय व्यावसायिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की पहली और दूसरी रैंक हासिल की है। पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक की ओर से अगस्त 2026 में आयोजित परीक्षा का परिणाम 13 नवंबर को घोषित किया गया।
परीक्षा में आयुषी सिहाग ने 900 में से 711 अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, आर्यमान अग्रवाल ने 900 में से 700 अंक प्राप्त कर दूसरी रैंक हासिल की। दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से मेडिकल कॉलेज में खुशी का माहौल है। आयुषी सिहाग, राजेश कुमार की बेटी हैं, जबकि आर्यमान अग्रवाल डॉ. अजय अग्रवाल के बेटे हैं। संस्थान प्रबंधन ने दोनों विद्यार्थियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति समर्पण का परिणाम है। विश्वविद्यालय स्तर पर शीर्ष दो स्थान हासिल करना संस्थान के लिए भी गौरव की बात है।