फरीदाबाद। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के अंतर्गत आने वाले मरीजों को अब बेहतर इलाज की सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। घर के नजदीक ही उन्हें अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके लिए ईएसआईसी ने योजना तैयार की है। योजना के तहत हर जिले में स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। जहां स्पेशलिस्ट डॉक्टर मरीजों का इलाज करेंगे।
जिले में करीब पांच लाख ईएसआई कार्ड धारक हैं। वहीं, प्रदेश में कार्ड धारकों की संख्या करीब 29 लाख है। इन्हें ईएसआईसी के सात बड़े अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र में इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। फरीदाबाद में सेक्टर-8 ईएसआई अस्पताल और ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में दूरदराज क्षेत्रों से रोजाना करीब तीन हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद वर्तमान में कई ऐसे जिले हैं जहां मरीजों को सरकारी स्तर पर अच्छा इलाज नहीं मिल पाता। ऐसे में मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के चक्कर काटने पड़ते हैं। मरीजों की परेशानी को देखते हुए ईएसआईसी ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 22 स्वास्थ्य केंद्र खोजने की योजना तैयार की है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य केंद्र खुलने के साथ ही डॉक्टर व स्टाफ की भर्ती की जाएगी।
ईएसआईसी का प्रयास बीमा निगम के मरीजों व उनके आश्रितों को बेहतर इलाज सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। घर के पास स्वास्थ्य केंद्र खुलने से मरीजों को अच्छा इलाज मिलेगा। प्रदेशभर में करीब 22 स्वास्थ्य केंद्र खोलने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। - डॉ. आशीष दीक्षित, सहायक निदेशक, ईएसआईसी