बल्लभगढ़ (संदीप पाराशर)। दिन-प्रतिदिन बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए हरियाणा रोडवेज ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पहल शुरू कर दी है। यात्रियों को टैंप्रेचर व मास्क जांच और सैनिटाइजर के बाद ही बसों में बैठाया जा रहा है, वहीं बुकिंग काउंटर पर दो गज दूरी के निशान बनाए गए है। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए चालक व परिचालकों को अलग से सैनेटाइजर व मास्क दिए गए है। किसी सवारी के पास मास्क न होने पर उसे दिया भी जा रहा है। वहीं प्रतीक्षा कक्ष में लगे बेंच और बसों की सीटों पर भी निशान लगाए गए हैं।
वर्जन-
रोडवेज विभाग द्वारा कोरोना को लेकर उठाए गए कदम जनहित में है। हम सभी को सरकार के बनाएं नियमों को अपना कर कोरोना महामारी से लड़ने के लिए सरकार का साथ देना चाहिए। - वाजिब, मुजफ्फरनगर
यहां अपने काम से आया था, लेकिन रोडवेज डिपो में सब कुछ बदला हुआ है। सवारियों के प्रतीक्षालय में बेंच पर लगाए गए निशान व टेंप्रेचर जांच विभाग सभी की सुरक्षा के लिए बेहतर कदम है। - संदीप, गौंछी गांव
जरूरी काम के लिए चंडीगढ़ जाना है, इसलिए आया हूं। हरियाणा रोडवेज की बसों में कोविड़-19 से बचाव के काफी इंतजाम किए है। जो आम जनता की सुरक्षा के लिए काफी कारगर साबित होंगे। - मोहनलाल, निवासी बल्लभगढ़
विभाग द्वारा डिपो में पहुंचने वाले सभी यात्रियों के टेंप्रेचर की जांच की जा रही है। इसके अलावा बस में बैठने से पहले यात्रियों को सैनिटाइज कराया जा रहा है, अगर भूलवश किसी के पास मास्क नहीं है, तो परिचालक द्वारा मास्क उपलब्ध कराया जा रहा है। चालक व परिचालक को सावधानी बरतने व कोविड-19 गाइडलाइन पालना की हिदायत दी गई है। - नेपाल सिंह अधाना, प्रबंधक बल्लभगढ़ डिपो
कोरोना महामारी को देखते हुए आमजन की सुरक्षा के लिए सरकार ने रोडवेज डिपो में कोविड-19 की गाइडलाइन की पालना के आदेश दिए हैं। जहां विभाग ने टिकट घरों व पूछताछ केंद्र पर दो गज दूरी के गोल निशान लगाए हैं। बाजार में आवागमन करने वाले लोगों से अपील है कि वे सावधानी बरतें और जरूरत पर ही बाजार में आएं। - मूलचंद शर्मा, हरियाणा परिवहन एवं खनन मंत्री