संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेले के पहले दिन लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। मेले के शुभारंभ के साथ ही फरीदाबाद, दिल्ली और गुरुग्राम से बड़ी संख्या में लोग मेला देखने पहुंचे। कई लोग परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचे और हस्तशिल्प स्टॉलों से खरीदारी भी की। हालांकि पहला दिन होने के चलते अधिक भीड़ नहीं थी।
मेले में पहुंचे लोगों में खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। हालांकि, पहले दिन सभी स्टॉल पूरी तरह से सजकर तैयार नहीं होने के कारण कुछ दर्शकों ने नाराजगी भी जाहिर की। लोगों का कहना था कि टिकट के पूरे पैसे लेने के बावजूद व्यवस्थाएं अधूरी थीं। दिल्ली से मेला देखने पहुंचीं मीरा ने बताया कि उन्होंने मेला देखने और खरीदारी करने के लिए 200 रुपये की टिकट ली थी, लेकिन कई स्टॉल अभी पूरी तरह नहीं लगे थे। उन्होंने कहा कि मेला अच्छा है, लेकिन पहले दिन व्यवस्थाएं बेहतर होनी चाहिए थीं। स्टॉल पर सामान नहीं लगा है, ऐसे में कैसे खरीददारी की जाए।
चार लोगों से बातचीत
हर साल सूरजकुंड मेला देखने आता हूं। इस बार भी माहौल अच्छा है और मेले को काफी अच्छे से सजाया गया है। - चितरंजन, गुड़गांव
मेला पसंद आया, लेकिन पहले दिन कई स्टॉल अधूरे थे, इससे थोड़ा निराशा हुई है। लेकिन मेला देखने के लिए मैं फिर से जरूर आउंगी।- तेजिका, फरीदाबाद
यहां अलग-अलग राज्यों की कला एक ही जगह देखने को मिलती है, यही इसकी खासियत है कि हम इसे देखने के लिए प्रतिवर्ष यहां पहुंचते हैं। - सरमिश्ठा, गुड़गांव
सांस्कृतिक कार्यक्रम बहुत अच्छे लगे। बच्चों के साथ समय बिताने के लिए यह मेला बेहतर है। बच्चों को भी काफी मजा आ रहा है। - प्रीति, फरीदाबाद