नकल रहित परीक्षा को लेकर परीक्षा केन्द्रो पर प्रशासन की सख्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के तहत बुधवार को आयोजित अंग्रेजी विषय का पेपर अपेक्षाकृत आसान रहा। पेपर समाप्त होने के बाद परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते ही विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। अधिकांश छात्रों ने प्रश्नपत्र को संतुलित और सिलेबस आधारित बताया। बोर्ड की ओर से 12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू की गई हैं।
बुधवार को अंग्रेजी का पेपर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही विद्यार्थियों की भीड़ रही। अभिभावक भी बच्चों को शुभकामनाएं देने के लिए केंद्रों के बाहर मौजूद रहे। निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हुई और केंद्रों पर नकल रोकने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। परीक्षा देकर बाहर निकली छात्रा नेहा, मिसबा, साहिबा, खुशनुमा, रूखसार ने बताया कि पेपर काफी आसान था। प्रश्न पत्र में अधिकतर प्रश्न सीधे पाठ्यक्रम से थे। ग्रामर के प्रश्न भी अधिक कठिन नहीं थे। दीर्घ उत्तर वाले प्रश्न भी अपेक्षा के अनुरूप आए, जिससे लिखने में आसानी रही। कई विद्यार्थियों ने कहा कि यदि मूल्यांकन निष्पक्ष हुआ तो अच्छे अंक आने की पूरी उम्मीद है। कुछ विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि कुछ प्रश्न थोड़ा सोचने पर मजबूर करने वाला थे, लेकिन कुल मिलाकर पेपर सरल रहा। शिक्षकों का कहना है कि इस बार प्रश्नपत्र का स्तर औसत विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। इससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और आगामी परीक्षाओं के लिए उनका मनोबल भी मजबूत हुआ है।