दोबारा अतिक्रमण करने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के बाजारों से अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम ने बृहस्पतिवार काे अभियान चलाया। एनआईटी-1 के बाजार में निगम के अधिकारियों ने रेहड़ियां हटवाईं। वहीं तख्त लगाकर अतिक्रमण करने वाली दुकानों को भी हटवाया गया। इस दौरान हथौड़े चलाकर निगम की टीम ने अतिक्रमण को ध्वस्त कराया। निगम की टीम के साथ यातायात पुलिस भी मौजूद रही।
त्योहार में बाजारों में भीड़ काफी बढ़ जाती है और जाम की समस्या बन जाती है। इसमें सबसे ज्यादा दिक्कत वहां आती है, जहां पर अतिक्रमण ज्यादा है। एनआईटी -एक बाजार में निगम को लगातार अतिक्रमण की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद टीम बृहस्पतिवार को बाजार में पहुंची थी। तोड़फोड़ दस्ते ने फुटपाथ पर चल रही कई दुकानों को हटाया। वहीं जिन लोगों ने पक्के अतिक्रमण किए थे, उन्हें भी कार्रवाई करते हुए साफ कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
टीम को सहना पड़ा लोगों का विरोध
अभियान के दौरान बाजार में देखा गया कि लोगों ने अपनी दुकान दायरे के बाहर तक बढ़ा रखी थी। दुकानदारों ने अवैध रूप से तख्त रखकर दुकानें लगा रखी थी, जिसके बाद तोड़फोड़ दस्ते ने हथौड़े चलाकर उसे ध्वस्त कराया। इस दौरान कई दुकानदार अपना सामान बचाने के लिए टीम से नोकझोंक भी करते रहे। अधिकारियों ने लोगों को जब सख्ती से समझाया और कानूनी कार्रवाई की बात कही, तब जाकर लोग शांत हुए।