नगर निगम आयुक्त ने दिया निर्देश, ग्रीनबेल्ट में रूप में विकसित करने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित स्थानों को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बृहस्पतिवार को वार्ड-14 का निरीक्षण कर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नेशनल हाईवे के साथ यामाहा कंपनी क्षेत्र से होते हुए बाटा फ्लाईओवर, रामनगर और मिलहाड कॉलोनी तक का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे और अन्य स्थानों पर हुए अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से इसे हटाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनाई जा सके और क्षेत्र को व्यवस्थित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान बाटा फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्र को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। आयुक्त ने अधिकारियों को यहां से अतिक्रमण हटाकर स्थान को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करने की योजना तैयार करने को कहा। साथ ही पेड़-पौधे लगाने और जरूरत के अनुसार पेड पार्किंग विकसित करने के लिए भी प्लान और इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए। उनका कहना था कि इस क्षेत्र को सुंदर और उपयोगी बनाया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को पार्किंग की सुविधा मिलने के साथ-साथ हरियाली भी बढ़ सके।
आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए खाली स्थानों और ग्रीन बेल्ट में अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाए जाएं, जिससे पर्यावरण बेहतर हो सके। निरीक्षण के दौरान ओल्ड जोन के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार, एसडीओ सुरेंद्र खट्टर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।