मार्केट के सामने 300 मीटर लंबा फुटपाथ होगा विकसित
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-9 और 10 की डिवाइडिंग रोड पर बृहस्पतिवार को प्रशासन ने फुटपाथ के निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। मार्केट के सामने करीब 300 मीटर लंबे हिस्से में जेसीबी की मदद से अवैध कब्जे और निर्माण हटाए गए, ताकि आम लोगों के लिए सुरक्षित और सुगम फुटपाथ तैयार किया जा सके।
अभियान के दौरान डीटीपी इंफोर्समेंट विभाग के यंजन चौधरी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई एफएमडीए के निर्देश पर की गई है। क्षेत्र में बने पुराने फुटपाथ का पुनर्विकास किया जाएगा, जिससे पैदल चलने वालों को बेहतर सुविधा मिल सके।
अधिकारियों के अनुसार कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया था। इसके कारण राहगीरों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इसी समस्या के समाधान के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया।
विभाग का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद जल्द ही नए फुटपाथ का निर्माण शुरू किया जाएगा। इससे स्थानीय निवासियों और बाजार में आने वाले ग्राहकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कार्रवाई जारी रहेगी और लोगों से फुटपाथ व अन्य सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की गई है।