यात्रियों को करना पड़ता है परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में मेट्रो सेवा ने लोगों के आवागमन को काफी आसान बनाया है, लेकिन स्टेशनों के बाहर बढ़ता अतिक्रमण समस्या बनता जा रहा है। विशेष रूप से प्रमुख मेट्रो स्टेशन बाटा चौक, ओल्ड मेट्रो, राजा नाहर सिंह के आसपास अव्यवस्थित भीड़, अवैध रेहड़ी-पटरी, और गलत तरीके से खड़े वाहनों ने पूरे क्षेत्र को जाम जैसी स्थिति में बदल दिया है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में यह समस्या और भी बढ़ जाती है। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र और अन्य यात्री जब मेट्रो स्टेशन पहुंचते हैं, तो उन्हें स्टेशन के बाहर ही भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है। फुटपाथ पर दुकानों और ठेलों के कारण पैदल चलने के लिए जगह नहीं बचती, जिससे यात्रियों को सड़क पर उतरना पड़ता है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
स्टेशन के बाहर ऑटो-रिक्शा की अनियंत्रित कतारें भी ट्रैफिक व्यवस्था को बाधित करती हैं। कई जगहों पर वाहन गलत तरीके से खड़े किए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। यह समस्या केवल यात्रियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी प्रभावित करती है।
फुटपाथ पर दुकानें होने से पैदल चलने तक की जगह नहीं बचती। - बलविंदर, यात्री
स्टेशन के बाहर अतिक्रमण दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है।- मनप्रीत, यात्री
कई बार मेट्रो स्टेशन के गेट पर वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यात्रियों को दिक्कत होती है। - जगदीश, यात्री
जहां मेट्रो सुविधा है, वहीं बाहर सबसे ज्यादा अव्यवस्था है।- हरिश, यात्री