आईएमटी के उद्यमियों ने पुलिस उपायुक्त से की मुलाकात, समस्या के समाधान की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आईएमटी के उद्यमियों ने क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रतीक अग्रवाल से मुलाकात की। फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उद्यमियों ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर अवैध कब्जों और जाम के कारण उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण इस कदर बढ़ गया है कि अन्य राज्यों और विदेशों से आने वाले उनके ग्राहकों को कंपनियों तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ती है।
उद्यमियों ने कहा कि कई बार उनके ग्राहक घंटों जाम में फंसे रहते हैं, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि औद्योगिक क्षेत्र की छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा उद्यमियों ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए। एसोसिएशन ने मांग की कि आईएमटी के मुख्य चौक पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए तत्काल रेड लाइट लगाई जाए। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से लगे सर्विलांस कैमरों का मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाए, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
डीसीपी ने दिए सख्त निर्देश
उद्यमियों की समस्याओं को सुनने के बाद डीसीपी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि मुख्य चौक पर रेड लाइट लगवाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाएगा। वहीं अतिक्रमण के मुद्दे पर उन्होंने मौके पर ही एसीपी, एसएचओ और चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीसीपी ने साफ किया कि मुख्य सड़कों को शीघ्र खाली कराया जाए ताकि यातायात सुचारू हो सके और उद्यमियों व कामगारों को आवाजाही में कोई असुविधा न हो।