फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: अतिक्रमणकारियों ने किया सड़कों पर कब्जा

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


होडल। नगर परिषद की लापरवाही के कारण शहर के बाजारों में अतिक्रमणकारियों का बोलबाला है। परिषद प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान भी पूरी तरह से फुस्स होकर रह गया है। शहर के मुख्य बाजार में तो ऐसी कोई भी सड़क व मार्ग नहीं है कि जहां दुकानदारों, रेहड़ी पटरीवालों ने अतिक्रमण नहीं कर रखा हो। बाजार में लगातार होते जा रहे अतिक्रमण से लगता है कि जैसे शहर में प्रशासन नाम की कोई चीज ही नहीं है। मुख्य बाजार गांधी चौक से भरत मिलाप चौक तक अधिकांश दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों के आगे तख्त व रेहड़ी आदि लगवाई हुई है, जिनसे दुकानदार भी पांच सौ से सात सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से अवैध वसूली करते हैं। जिसके कारण दूरदराज के क्षेत्रों से खरीदारी करने के लिए आने वाले महिला पुरुषों को जाम के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
गांधी चौक से भरत मिलाप चौक तक तो ऐसा लगता है कि शायद यहां दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण करो प्रतियोगिता चलाई हुई हो। नगर परिषद की लापरवाह कार्यशैली के चलते यहां के दुकानदारों में रास्ते में अतिक्रमण करने की होड़ लगी रहती है। ऐसा भी नहीं है कि शहर के विभिन्न बाजारों,चौराहों व अन्य स्थानों पर किए जा रहे दुकानदारों और रेहड़ी वालों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण के मामले में नगर परिषद प्रशासन अनभिज्ञ हो, लेकिन सब कुछ जानते हुए भी प्रशासनिक अधिकारी मौन साधे हुए हैं। विभागीय अधिकारी भी दबे मुंह राजनैतिक दबाव होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। जिसके कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण के कारण पैदल निकलना भी दूभर हो जाता है।
विज्ञापन



शहर निवासी मनोज सौरोत, विपिन बंसल, व पवन कुमार का कहना है कि बाजार में जब भी सामान लेने जाते हैं तो यहां से पैदल निकलना भी दूभर हो जाता है। गांधी चौक से भरत मिलाप चौक तक तो अतिक्रमणकारियों ने सभी हद पार कर दी हैं। इस बाजार में तो बंद दुकानों के बाहर भी तख्त आदि लगवाकर दुकानदार हजारों रुपये रोजाना वसूल कर रहे हैं। मामले को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। सबसे व्यस्त रहने वाले गढिया बाजार में आए दिन जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दुकानों के आगे लगने वाले तख्तों से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद के अधिकारी खानापूर्ति कर अभियान को समाप्त कर देते हैं।
विज्ञापन


नगर परिषद द्वारा समय-समय पर शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है। पिछले अभियान के दौरान बाजार के कई दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई कर उनका सामान जब्त किया जा चुका है। शीघ्र ही बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को आदेश दिए जा चुके हैं।
-रणबीर सिंह लोहान एसडीएम होडल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें