भाजपा जिला कार्यालय अटल कमल में कार्यशाला का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। संगठन को वैचारिक रूप से मजबूत और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका के लिए तैयार करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने जिला स्तर पर मंडल प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। भाजपा जिला कार्यालय अटल कमल में आयोजित इस कार्यशाला में संगठन सुदृढ़ीकरण और वैचारिक स्पष्टता पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला में प्रदेश संयोजक प्रशिक्षण विभाग शैलेंद्र पांडेय ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता की प्रतिबद्धता ही उसकी पहचान है। उन्होंने कहा कि संगठन में अवसर व्यक्ति की पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि उसकी विचारधारा और समर्पण तय करते हैं। प्रशिक्षण को उन्होंने निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बताते हुए कहा कि समय के साथ कार्यकर्ताओं को नई चुनौतियों और तकनीकों के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि सेवा भाव से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स ने प्रशिक्षण प्रणाली में नवाचार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल औपचारिक भाषणों तक सीमित न रहे, बल्कि संवाद, अभ्यास और तकनीकी माध्यमों से जोड़ा जाए। डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऐप आधारित मूल्यांकन व्यवस्था से पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ाई जा सकती है। कार्यशाला का संचालन जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल के नेतृत्व में हुआ, जबकि विभिन्न पदाधिकारियों ने सत्रों की अध्यक्षता की।