अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी के विकास में अहम रोल अदा करने वाली ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी परियोजना पर चुनाव के बाद काम शुरू किया जाएगा। योजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास अंडरपास और सेक्टर-12 से बीपीटीपी चौक को जोड़ने वाली सड़क पर एलिवेटेड फ्लाईओवर का का निर्माण किया जाएगा। हाल में डीपीआर में किए गए बदलावों में इसे शामिल किया गया है। इस परियोजना पर करीब 1500 रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे एनआईटी क्षेत्र से ग्रेटर फरीदाबाद जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
स्मार्ट सिटी फरीदाबाद अभी तीन हिस्सों में बंटा हुआ है। एनआईटी के अंतिम छोर (सैनिक कॉलोनी) की पूर्व फरीदाबाद यानी ग्रेटर फरीदाबाद से सीधी कनेक्टविटी नहीं है। इसकी वजह राष्ट्रीय राजमार्ग, रेेलवे लाइन और आगरा नहर है। जिससे एनआईटी, सेक्टर-12 और ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र अलग-अलग हो जाते हैं। ऐसे में एनआईटी क्षेत्र के लोगों को सेक्टर-12 या ओल्ड फरीदाबाद जाने के लिए नीलम, बाटा और एनएचपीसी रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का प्रयोग करना पड़ता है। वहीं, ग्रेटर फरीदाबाद जाने के लिए लोगों को हाईवे के साथ आगरा और गुरुग्राम नहर को पार करना होता है। सरकार दोनों नहरों पर कई जगहों पर पुल बनवा चुकी है। इसके बावजूद लोगों को कई जगह सड़कों पर भारी जाम से जूझना पड़ता है। पांच मिनट की दूरी तय करने में वाहन चालकों को 20 से 25 मिनट लग जाते हैं।
जाम से निपटने के लिए बनाए जाएंगे एलिवेटेड फ्लाईओवर
लोक निर्माण विभाग की ओर से एनआईटी से ग्रेटर फरीदाबाद को जोड़ने के लिए एक सीधी सड़क बनाने की योजना तैयार की गई। पिछले दिनों इसकी डीपीआर भी बनाई गई है, जिसमें दोनों क्षेत्रों के बीच बेहतर यातायात के लिए एलिवेटेड यू टर्न सड़क बनाने की योजना तैयार की गई है। बाटा रेलवे ओवर ब्रिज पर राष्ट्रीय राजमार्ग की तरफ उतरते समय स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा। ये स्लिप रोड नीलम पुल की तरफ ऊपर उठती हुई जाएगी। यहां से यही सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग को पार करते हुए कोर्ट रोड से जुड़ेगी। यहां एक एलिवेटेड सड़क बल्लभगढ़ की तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ेगी और यही सड़क बाटा रेलवे ओवर ब्रिज से जोड़ी जाएगी। एनआईटी से जिन लोगों को बाईपास या ग्रेटर फरीदाबाद जाना है। वह लोग एलिवेटेड यू-टर्न सड़क का इस्तेमाल कर सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग को पार कर सकते हैं। दूसरा रूट बड़खल गांव के पास शुरू होकर अनखीर चौक, बड़खल फ्लाईओवर और यहां से यूटर्न बनाकर सेक्टर-29 रोड होते हुए हुए ग्रेटर फरीदाबाद को जोड़ेगा। वहीं, हाल ही में इस परियोजना को फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) को सौंप दिया गया है। एफएमडीए अधिकारियों ने पीडब्ल्यूडी द्वारा तैयार की गई डीपीआर में कुछ बदलाव किए हैं। जिसमें कोर्ट रोड की बजाए हाईवे स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास अंडरपास बनाने की तैयारी की है। यह अंडरपास सेक्टर-12 बीपीटीपी रोड को जोड़ेगा।
चौक के जीरो प्वाइंट से 100 मीटर आगे से शुरू होगा फ्लाईओवर
एफएमडीए अधिकारियों के अनुसार हाईवे पर अंडरपास से बनाने की मुख्य वजह मेट्रो लाइन है। मेट्रो लाइन के ऊपर फ्लाईओवर बना नहीं सकते है। इसलिए अंडरपास बनाने की योजना है। इस अंडरपास से निकल कर जब लोग सेक्टर-12 रोड के चौक पर पहुंचेंगे तो इस जीरो प्वाइंट से करीब 100 मीटर आगे से एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण शुरू किया जाएगा। जिससे वाहन चालकों को चढ़ने उतरने में दिक्कत नहीं होगी।
एलिवेटेड फ्लाईओवर से लाल बत्ती फ्री होगी सड़क
हाईवे पर एस्कॉर्ट कंपनी के पास से बीपीटीपी चौक तक करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क पर अभी करीब पांच चौक पर लाल बत्ती लगी है। इस कारण वाहन चालकों को हर लाल बत्ती पर रुक कर आगे बढ़ना पड़ता है। वाहन चालकों को इससे निजात मिलेगी।
इन स्थानों पर लगता है सबसे ज्यादा जाम
एनआईटी क्षेत्र से ग्रेटर फरीदाबाद जाने वाले वाहन चालकों को अभी नीलम चौक, अजरौंदा चौक, बाटा चौक, हार्डवेयर चौक, बीपीटीपी चौक, बड़खल चौक, खेड़ीपुल चौक आदि स्थानों पर जाम से जूझना पड़ता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।
चुनाव के बाद होगा काम शुरू
सेक्टर-12 रोड पर एलिवेटेड फ्लाईओवर और हाईवे पर अंडरपास बनाने की योजना तैयार की गई है। ये लाल बत्ती फ्री होगी। एनआईटी क्षेत्र से आने वाले लोग बिना रुके सीधे ग्रेटर फरीदाबाद पहुंच सकेंगे। चुनाव के बाद काम शुरू होगा।
- रमेश बागड़ी, मुख्य अभियंता, एफएमडीए