पंखे-कूलर और एसी की मांग में बढ़ोतरी, प्रतिदिन 50 से ज्यादा की हो रही बिक्री
निभा रजक
फरीदाबाद। तेज गर्मी के कारण जिले का इलेक्ट्रॉनिक बाजार भी गर्म हो गया है। पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष फ्रीज, एसी, कूलर और पंखे की खरीदारी 30 फीसदी बढ़ी है। लोग ज्यादातर छोटे और मध्यम श्रेणी के फ्रिज की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों की मानें तो आगामी एक महीने तक इलेक्ट्रॉनिक सामान के खरीद-फरोख्त का सिलसिला जारी रहेगा।
प्रचंड गर्मी से हर कोई बेहाल है। घर से लेकर कार्यालयों में लोग राहत के लिए एसी, कूलर और पंखों का सहारा ले रहे हैं। गत वर्षों की अपेक्षा इलेक्ट्रिक उत्पादों की बिक्री में 30 फीसदी का उछाल आया है। एनआइटी-5 स्थित राज इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक पार्थ वधवा ने बताया कि प्रतिदिन 50 से ज्यादा कूलर और 60 टेबल और वॉल पंखे की बिक्री हो रही है। एक कूलर की कीमत कम से कम 10,000 और पंखे की शुरुआती कीमत 1500 है। वहीं, एक अन्य दुकानदार ने बताया कि कोरोना के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में साल 2024 में रौनक आई है। इस साल प्रतिदिन 20-25 एसी की बिक्री हो रही है। एक एसी की कीमत कम से कम 25000-30,000 है। मांग बढ़ने के कारण दाम में भी इजाफा हुआ है।
ठंडे पेय पदार्थों के दाम भी छू रहे आसमान
गर्मी से राहत के लिए लोग जूस, नारियल पानी और कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। एनआइटी-5 स्थित सतगुरु जूस कॉर्नर जूस विक्रेता अनिल कुमार ने बताया कि सभी प्रकार से जूस के दामों में 15-20 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसका मुख्य कारण फलों का महंगा होना है। वैसे तो लोग पूरे साल जूस का सेवन करते हैं, लेकिन गर्मी बढ़ने के कारण मांग भी बढ़ जाती है। आम दिनों में करीब 100 लोग आते हैं, जबकि इन दिनों 200 से ज्यादा लोग पहुंच रहे हैं। इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी और शिकंजी सहित अन्य के दाम बढ़े हैं।
फलों के दाम भी बढ़े (एक महीने में आया अंतर)
खाद्य पदार्थ पहले अब (किग्रा)
खीरा- 30 40
ककड़ी- 30 50
तरबूज- 20 40
खरबूज- 30 50
नींबू- 120 180-200
नारीयल पानी- 60 70 (एक पीस)
-
दुकानदारों से बातचीत
कूलर की खरीदारी पिछले वर्ष के मुकाबले तेजी से बढ़ी है, प्रतिदिन 40-50 कूलरों की बिक्री हो रही है। अलग-अलग कंपनियों के कूलरों की कीमत अलग-अलग है। -पार्थ वधवा, राज इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक।
-
कोरोना के बाद साल 2024 में इलेक्ट्रॉनिक बाजार की रौनक बढ़ी है। इस साल लोग कूलर, पंखे और फ्रीज की खरीदारी कर रहे हैं। पिछले साल से मुकाबले 30 फीसदी बढोतरी हुई है। - गुरमीत सिंह, दशमेश इलेक्ट्रोनिक्स, एनआईटी-एक।