रविवार को भी जारी रहा मरम्मत का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बिजली निगम की ओर से मरम्मत का कार्य रविवार को भी जारी रहा है। इसे लेकर मवई, पुलिस लाइन, डीएलएफ, सेक्टर 28, 29, डीएलएफ सहित आधा दर्जन से अधिक क्षेत्रों में करीब 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है और जर्जर बिजली की तारों को ठीक किया जा रहा है। वहीं आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले में 48 मोबाइल ट्राॅली व 90 अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था की गई है। निगम की ओर से मार्च के अंत तक मरम्मत कार्य करने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले साल के मुकाबले इस बार फरवरी के अंत तक जिले का 13.85 लाख यूनिट प्रतिदिन लोड बढ़ गया है। इसका मुख्य कारण 11 हजार नए कनेक्शन व नई औद्योगिक यूनिटें लगना है। अब जिले में कुल बिजली उपभोक्ताओं की संख्या 4.50 लाख हो गई है। वहीं, उद्योगों में बिजली की खपत सबसे अधिक हो रही है।
वर्जन
गर्मी को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रख रखाव का कार्य किया जा रहा है। जिससे की गर्मी के दिनों में लोगों को अघोषित बिजली कटों से छुटकारा मिल सके। - जितेंद्र ढुल, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम