लोगों को करना पड़ा परेशानियों का सामना, बिल्डर पर लगाए आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर- 82 स्थित फ्लोरिडा सोसाइटी में कई घंटे बिजली बाधित रही। मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे बिल्डर की ओर से लिफ्ट और कॉमन एरिया की बिजली काट दी गई। बिजली घंटों बाधित रहने से महिलाओं, स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों, ऑफिस जाने वाले लोगों और बीमार बुजुर्गों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद सुबह लगभग 8 बजे सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
सोसाइटी के निवासी अजय यादव ने बताया कि बिल्डर से उनका काफी समय से विरोध चल रहा है। उसके खिलाफ केस डाला हुआ है। इसी के चलते उपायुक्त विक्रम सिंह से भी कई बार बैठक हो चुकी है। अजय यादव ने कहा कि बिल्डर मनमाने ढंग से रखरखाव और बिजली के बिल के रुपये वसूल करता है। लेकिन हमें उस तरह की सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। जिसके चलते सोसाइटी के लोगों ने रखरखाव के रुपये नहीं दिए। रुपये न देने पर बिल्डर की ओर से बिजली काट दी गई। जिसके बाद सोसाइटी के लोगों ने सुबह 8 बजे हंगामा कर दिया। निवासियों के विरोध करने के बाद लगभग 10 बजे बिल्डर की ओर से डीजल मंगाकर केवल लिफ्ट को ही चालू किया गया। निवासियों का कहना है कि वे बहुत परेशान हैं। आए दिन उन्हें परेशान किया जाता है।
आरडब्ल्यूए फ्लोरिडा डेवलपमेंट एसोसिएशन का कहना है कि उन्हें परेशान किया जा रहा है। आरडब्ल्यूए के सदस्य युगल किशोर पांडे ने बताया कि बिल्डर के खिलाफ उन्होंने मंगलवार को भी जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि सुबह जब बच्चों को स्कूल जाना होता है और लोगों को ऑफिस के लिए निकलना होता है तब बिल्डर की ओर से लिफ्ट और कॉमन एरिया की बिजली काट दी जाती है। मंगलवार को भी बिजली घंटों बाधित रही जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आरडब्ल्यूए की जनरल सेक्रेटरी निवेदिता मिश्रा का कहना है कि बिल्डर उपायुक्त की ओर से दिए गए निर्देशों की अवहेलना कर रहा है। बिल्डर कुछ भी काम नहीं करा रहा है। इसके अलावा बिल्डर सोसाइटी को आरडब्ल्यूए को हैंड ओवर भी नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि समिति खुद से रखरखाव करना चाहती हैं।
बिल्डर की ओर से रखरखाव के प्रबंधक विजय गुप्ता ने कहा कि सोसाइटी के लोगों की रोजाना हंगामा करने की आदत हो गई है। निवासी केवल झूठे आरोप लगाकर बदनाम कर रहे हैं। बिजली पीछे से कटी थी हमारी ओर से नहीं काटी गई। निवासी मुफ्त की सुविधाएं चाहते हैं।